मेरठ में महापौर के लिए बीते सोमवार को आरक्षण लिस्ट जारी होने के बाद मौजूदा महापौर सुनीता वर्मा और उनके पति पूर्व विधायक योगेश वर्मा को झटका लगा है। सूत्रों की माने तो योगेश वर्मा फिर से नगर निगम चुनाव के मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे थे। मगर अब अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए यह सीट आरक्षित होने के बाद अब सरधना से विधायक अतुल प्रधान और शहर विधायक रफीक अंसारी के बीच महापौर के टिकट को लेकर जोर आजमाइश हो सकती है। विधायक अतुल प्रधान अपनी पत्नी पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा प्रधान को और विधायक रफीक अंसारी खुद या फिर अपनी पत्नी खुर्शीदा को चुनाव लड़ाना चाहते हैं। दोनों ने आवेदन किए हुए हैं।
उधर सपा से गूमी गांव के सपा नेता कर्मवीर गूमी हैं, जिन्होंने पार्टी में टिकट के लिए आवेदन किया हुआ है। इसके अलावा सपा नेता जितेंद्र गुर्जर भी टिकट के लिए ताल ठोक रहे हैं। इस बार मेरठ निगम चुनाव में समाजवादी पार्टी की कठिन परीक्षा होगी। अभी तक सपा अपने बूते पर महापौर का चुनाव नहीं जीत सकी है। वर्तमान महापौर सुनीता वर्मा भी जब चुनाव जीती थीं तो वह बसपा में थीं।
इसके बाद सपा में शामिल हुई थीं। साल 2006 में महापौर पद पर सपा समर्थित लीलावती की जमानत जब्त हुई थी और 10 पार्षद बने थे। नगर पंचायत लावड़ पर जीत हुई थी। साल 2012 में सपा समर्थित महापौर प्रत्याशी रफीक अंसारी हारे थे और चार पार्षद जीते थे। साल 2017 में महापौर प्रत्याशी दीपू मनोठिया हारीं और चार पार्षद जीते थे। नगर पालिका सरधना पर जीत हुई थी।
सपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह का कहना है कि आरक्षण और परिस्थितियों के हिसाब से सपा हाईकमान टिकट तय करेगी। इस बार के विधानसभा चुनाव में सपा के सात में से चार विधायक बने हैं। लगता है इस बार सपा मेयर का चुनाव मजबूती से लडे़गी।
आरक्षण पर लगाएंगे आपत्ति : योगेश वर्मा
पूर्व विधायक योगेश वर्मा का कहना है कि आरक्षण नियमानुसार नहीं हुआ है। वह इस पर आपत्ति लगाएंगे। सीट एससी या फिर सामान्य होनी चाहिए थी।
टिकट मिला तो मजबूती से लड़ेंगे चुनाव – अतुल प्रधान
विधायक अतुल प्रधान का कहना है कि टिकट की रेस में हैं। अगर पार्टी टिकट देती है तो सीमा प्रधान मजबूती से चुनाव लडे़ंगी और जीतेंगी।
टिकट मिला तो खुद लडूंगा चुनाव
विधायक रफीक अंसारी का कहना है कि सीट महिला के लिए आरक्षित होती तो पत्नी को चुनाव लड़ाते, अब ऐसी बाध्यता नहीं है, इसलिए पार्टी ने टिकट दिया तो खुद चुनाव लड़ेंगे।